भारतीय संगीत नाटक अकादमी ने चंपारण की बेटी डाॅ. नीतू कुमारी नूतन को कला- गुरु नियुक्त किया | SK Plus

----------------------

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी द्वारा कला- दीक्षा अभियान के तहत मिला यह महत्वपूर्ण दायित्व 

----------------

नई दिल्ली भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की स्वायत्त संस्था संगीत नाटक अकादमी ( नई दिल्ली) ने विश्व क्षितिज पर  कला के क्षेत्र में नित्य नये आयाम गढ़ रहीं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध गायिका व चंपारण की बेटी डाॅ. नीतू कुमारी नूतन को कला- दीक्षा अभियान अन्तर्गत 'राज्य गुरु' नियुक्त किया है। संगीत नाटक अकादमी ने देश के विभिन्न राज्यों से कला की अलग- अलग विधाओं से एक - एक कला विभूतियों को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। डाॅ.नूतन बिहार से पारंपरिक लोक विधा से जुड़ी अकेली ऐसी कला विभूति हैं, जिन्हें भारत सरकार ने इतनी बड़ी जिम्मेवारी सौपी है। नई दिल्ली के रविन्द्र भवन में बुधवार को संगीत नाटक अकादमी के तत्त्वावधान में  आयोजित कला- दीक्षा समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं कला संस्कृति मंत्री, भारत सरकार जी. किशन रेड्डी ने संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष संध्या पुरेचा एवं संयुक्त सचिव उमा नंदूरी की गरिमामयी उपस्थिति के बीच डाॅ.नूतन को अलंकृत करने के पश्चात इस आशय का नियुक्ति- पत्र सौंपा।  भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी ने भारतीय परंपरागत सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण- संवर्धन एवं नयी पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए गुरुकुल परंपरा की तर्ज पर इस नये अभियान की शुरुआत की है, जिसमें गुरु- शिष्य परंपरा के अनुसार विभिन्न प्रदर्श कला से जुड़े नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षित करने का अभियान चलाया गया है।

 वर्तमान  परिप्रेक्ष्य में परंपरागत लोक- कला, लोक - संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासतों को सहेज  उन्हें अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रतिष्ठापित करने में अपना अप्रतिम योगदान देने तथा स्वच्छ कला के विकास में तन्मयता से कार्य कर इन बहुआयामी उदेश्यों को साकार करने की दिशा में जीवन समर्पित करने की खातिर डाॅ.नूतन को भारत सरकार ने  गुरु - दीक्षा का दायित्व सौपा है।  डाॅ.नूतन ने बताया कि भारत सरकार ने नयी पीढ़ी के कलाकारों को अपनी परंपरागत लोक- कला, लोक - संस्कृति व विरासत से अवगत करा उन्हें पारंपरिक रुप में प्रशिक्षित करने लिए गुरु- दीक्षा की नई शुरुआत की है। नवांकुर कलाकार इन गुरुओं से पारंपरिक ढंग से कला - दीक्षा लेकर पहले पारंगत होंगे, फिर, इन गुरुओं के माध्यम से उन्हें भारत सरकार के संगीत नाटक अकादमी, कला- संस्कृति विभाग, उधोग विभाग एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित सांगीतिक समारोहों के मंच पर अपनी कला के प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराए जाऐंगे। डाॅ.नूतन ने कहा कि भारत सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना की शुरुआत कला- गुरुओं के सानिध्य में पल्लवित- पुष्पित नयी पीढ़ी के होनहार प्रतिभाओं को इन्ही गुरुओं के माध्यम से देश के बड़े प्लेटफार्म पर स्थापित करने के उदेश्य से की गई है। क्योंकि बदलते दौर में नयी पीढ़ी जब अपनी विरासत, लोक संस्कृति एवं लोक कलाओं को अपनाकर सांस्कारित होंगी, तब नये एवं मजबूत भारत के निर्माण का सपना साकार होगा।  देश- दुनिया के कई मंचों पर अपनी अद्भुत कला का परचम लहरा अपार ख्याति अर्जित करने वाली डाॅ.नूतन ने पिछले माह भारत के संसद भवन के ऑडिटोरियम में अपने गायन की प्रस्तुति दे कला के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है।

 भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी के लगातार दो सत्रों के लिए सदस्य रहीं डाॅ.नूतन फिलहाल केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, भारत सरकार की सदस्य हैं। विदेश मंत्रालय अंतर्गत आईसीसीआर की पैनल्ड आर्टिस्ट एवं संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत आईसीआर की  मान्यता प्राप्त कलाकार डाॅ.नूतन ने चंपारण की धरती पर करीब सवा करोड़ के बजट से पांच दिवसीय 'लोकजात्रा' का आयोजन करा साढ़े छह सौ कलाकारों को नया प्लेटफार्म उपलब्ध कराया था। बिहार सरकार के वित्त समिति की सदस्य डाॅ.नूतन के लिखित मांग पर राज्य सरकार ने विगत वर्ष करीब तीन सौ करोड़ की लागत से बिहार में कला विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ब्रांड एम्बेसेडर डाॅ.नूतन बिहार की इकलौती कला - विभूति हैं, जिन्हें मारीशस के राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत सीसीआरटी द्वारा वरिष्ठ अनुसंधान फेलोशिप अवार्ड से अनुगृहित होने का गौरव प्राप्त है।

 डाॅ.नूतन ने साढ़े छह सौ पृष्ठ में 'कालिदास के साहित्य संसार में संगीत का स्वरुप' नामक पुस्तक लिख अपार ख्याति अर्जित की।   कला, साहित्य, संस्कृति के माध्यम से नयी पीढ़ी को संस्कारित कर उनके बहुआयामी विकास के लिए कृतसंकल्पित डाॅ.नूतन चंपारण, बिहार एवं भारत की लब्धप्रतिष्ठ कला- धरोहर हैं।

Post a Comment

और नया पुराने