यह पुस्तक न केवल भक्तिमय अनुभूति प्रदान करेगी, बल्कि समाज में प्रेम, शांति, समरसता और सकारात्मक सोच का भी संचार करेगी: विश्व मोहन भट्ट
जयपुर (स.क्रा.सं.)।
वरिष्ठ संगीतज्ञ पंडित आलोक भट्ट की पुस्तक मीठी बातें, रीती रातें का विमोचन जवाहर सर्किल स्थित ईएचसीसी सभागार में किया गया।
पुस्तक का विमोचन पद्म भूषण, अंतर्राष्ट्रीय ग्रैमी सम्मान से सम्मानित पं विश्व मोहन भट्ट, साहित्यकार, गीतकार लोकेश कुमार सिंह ‘साहिल’, भारत की लोक संगीत साम्राज्ञी मरु कोकिला सीमा मिश्रा, प्रख्यात गायक संजय रायजादा, गौरव जैन, दीपशिखा जैन समाजसेवी प्रभाकर गोस्वामी, भानु भारवी एवं बृजेश भट्ट सहित अनेक लब्ध प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पद्म भूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट ने कहा कि आज का यह शुभ अवसर अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि हमारे बीच पंडित आलोक भट्ट द्वारा रचित भजन पुस्तक का विमोचन हो रहा है। भजन केवल सुर-ताल का मेल नहीं होते, बल्कि वे हमारी सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक संवेदनाओं और जीवन-दर्शन के जीवंत प्रतीक हैं। यह पुस्तक न केवल भक्तिमय अनुभूति प्रदान करेगी, बल्कि समाज में प्रेम, शांति, समरसता और सकारात्मक सोच का भी संचार करेगी।
पुस्तक लोकार्पण में पुस्तक में वर्णित गीतों को त्वरित गति से पंडित आलोक भट्ट ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी को आनंदित किया ।
कल्पना संगीत विद्यालय समिति की प्राचार्य अंजू भट्ट ने बताया कि इस पुस्तक में आलोक भट्ट रचित 60 भजन और 65 गीत सम्मिलित हैं । इस अवसर पर संगीत जगत की नामचीन हस्तियों के साथ-साथ, साहित्यकार सहित काफी संख्या में उपस्थित थे ।
إرسال تعليق