मरु कोकिला सीमा मिश्रा स्वर माधुरी संग नई संगीत यात्रा का आज करेंगी आगाज
स्वर माधुरी के शुभारंभ समारोह में गिनीज बुक ऑफ़ वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर कथक नृत्यांगना,पद्मश्री नलिनी-कमलिनी सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति शिरकत करेंगे
भारत की लोक संगीत साम्राज्ञी, स्वर कोकिल सीमा मिश्रा ने कहा की राजस्थानी लोकगीत जो न केवल हमारे प्रदेश की पहचान हैं,बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा हैं।राजस्थान की धरती जितनी कठोर है,उतनी ही कोमल इसकी भावनाएँ हैं। यही भावनाएँ जब सुर और ताल में ढलती हैं,तो लोकगीतों का जन्म होता है। हर गीत हमारी मिट्टी की खुशबू,हमारे लोकजीवन की सरलता और हमारी परंपराओं की गहराई को प्रकट करता है।
आज के इस तेज़ बदलते युग में,जब संगीत बाज़ार की दिशा में बह रहा है,तब राजस्थानी लोकगीतों के मूल स्वरूप को संरक्षित करते हुए संवर्धन एवं सृजन हमारा एक गंभीर दायित्व बन गया है।हमें यह समझना होगा कि इन गीतों की आत्मा उनकी मौलिकता में बसती है- उनकी बोली,उनकी लय,उनके भाव और उनकी सहजता यदि खो गई तो लोकगीत केवल ‘गीत’ रह जाएँगे, ‘लोक’ नहीं।
राजस्थानी लोक संगीत की स्वर्ण हस्ताक्षर मरु कोकिला सीमा मिश्रा द्वारा लोक गीत-संगीत के संरक्षण, संवर्धन एवं सृजन के शुभ संकल्प के रूप स्थापित स्वर माधुरी मल्टीमीडिया एलएलपी कंपनी।जिसके माध्यम से सीमा मिश्रा गौरवशाली राजस्थान की गरिमामय लोक-संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने तथा संगीत को आत्मा से जोडऩे का एक सशक्त प्रयास कर रही है।
राजस्थानी लोक संस्कृति संवाहक,संवर्धक स्वर कोकिला सीमा मिश्रा कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य राजस्थान सहित भारत की लोक संस्कृति,गीत- संगीत को उनके मूल स्वरूप के साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से देश- दुनिया में पहुंचाना,हमारे लोक कलाकारों, लोकगीतों और लोक परंपराओं को उस गरिमा के साथ प्रस्तुत करना जिसके वे सच्चे अधिकारी हैं। यह यात्रा राजस्थान से शुरू होकर भारत की विविध लोक धाराओं तक जाएगी।स्वर माधुरी नए और उभरते कलाकारों को गरिमामय पहचान देते हुए भारत की लोक संस्कृति की जड़ों को सशक्त बनाएगी। इसके लिए वे अपनी नई संगीत कंपनी ‘स्वर माधुरी मल्टीमीडिया एलएलपी’ का शुभारंभ आज 3 नवंबर (सोमवार) को करेंगी।
यह आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना डूंगरी के मिनी ऑडिटोरियम-2 में शाम 4:00 से 5:30 बजे तक होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थानी भाषा, साहित्य लोक कला- संस्कृति के संवाहक, संवर्धक, वरिष्ठ शिक्षाविद और चलकोई फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष राजवीर सिंह चलकोई होंगे तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री, गिनीज बुक ऑफ़ वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर कथक नृत्यांगना नलिनी- कमलिनी (दिल्ली) होंगी। उद्घाटन पद्मश्री उस्ताद डॉ. अहमद हुसैन, पद्मश्री उस्ताद डॉ. मोहम्मद हुसैन और उद्योगपति एवं समाजसेवी सीए कमल पोद्दार (मुंबई) करेंगे।
स्वर माधुरी मल्टीमीडिया कंपनी के निदेशक शिव विनायक शर्मा ने कंपनी के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया की स्वर माधुरी मल्टीमीडिया एलएलपी एक बहुआयामी वृहत मीडिया, संगीत एवं इवेंट मैनेजमेंट कंपनी है। यह कंपनी देशभर में सांस्कृतिक,आध्यात्मिक, सामाजिक,कॉर्पोरेट,राजनीति, वेडिंग,एवं मनोरंजन से जुड़े आयोजनों को नई दिशा देने का संकल्प लेकर आई है। इस शुभारंभ, लोकार्पण समारोह में देशभर से कला,संगीत, उद्योग-जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्ति शिरकत करेंगे।
إرسال تعليق