मरु कोकिला सीमा मिश्रा ने बूंदी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया


अपने नए आने वाले एल्बमों में उन्हें दिखाकर बूंदी के धरोहरों को देश दुनिया में प्रचारित-प्रसारित करने का कार्य करेंगी


बूंदी . राजस्थान की प्रख्यात लोक गायिका मरू कोकिला सीमा मिश्रा ने बूंदी की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए संवर्धन के प्रयासों पर जोर देने की बात कही है ।

चार दशक से राजस्थान की मायड़ भाषा, सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक विरासत को अपने लगभग 5000 गायें गए गरिमामय गीतों के माध्यम से निरंतर संवर्धन के लिए कार्य करती आ रही है। इसी क्रम में सीमा मिश्रा बूंदी राज परिवार के पूर्व सदस्य वंशवर्धन सिंह के निमंत्रण पर बूंदी आई और वह पिछले दो दिनों तक ईश्वरी निवास में रही। दो दिनों तक सीमा मिश्रा ने अपने साथ आए स्वर माधुरी म्यूजिक कंपनी  के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर शिव विनायक शर्मा के साथ 84 खभों की छतरी, रानी जी की बावड़ी, सुख महल, क्षार बाग,गढ़ पैलेस के विभिन्न हिस्से, नागर सागर कुंड, चित्रशाला आदि का अवलोकन किया तथा बूंदी की समृद्ध वैभवशाली परंपरा को निहारा। सीमा मिश्रा के साथ उनसे जुड़े हुए वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश गुप्ता तालेड़ा, वरिष्ठ गाईड जोगिंदर सिंह, बूंदी ब्रश के विजय सिंह सोलंकी साथ रहे। सीमा मिश्रा ने नवल सागर एवं जेत सागर झील का भी अवलोकन किया तथा नवल सागर झील के सहारे स्थित गज लक्ष्मी मंदिर में भी पूजा अर्चना की। 


यह भी उल्लेखनीय है कि शीघ्र ही सीमा मिश्रा अपनी लगभग 20 कलाकारों की टीम के साथ आगामी कुछ दिनों में बूंदी आएगी और ऐतिहासिक स्थलों पर दो दिन तक अपने गाए हुए चार गानों का फिल्मांकन करावेगी, बुधवार को सीमा मिश्रा एवं शिव विनायक शर्मा तथा एडवोकेट हरीश गुप्ता ने जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव से मुलाकात की। जिला कलेक्टर ने सीमा मिश्रा को कहा कि मैं चाहता हूं की बूंदी के वैभव और समृद्धशाली परंपरा तथा पर्यटन स्थलों को आप अपने गीतों के माध्यम से एक नई दिशा दें और ऊंचाई पर लेकर जाने का प्रयास करें।जिला कलेक्टर के चेंबर में हुई मुलाकात में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने सीमा मिश्रा को यह भी भरोसा दिलाया की जितना जिला प्रशासन के माध्यम से सहयोग हो सकेगा  उतना सहयोग उनको और उनकी टीम को दिया जाएगा। इससे पूर्व सीमा मिश्रा एवं शिव विनायक शर्मा का ईश्वरी निवास पैलेस में वंशवर्धन सिंह ने भावभीना स्वागत किया तथा उन्होंने भी बूंदी आने  पर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। 


लगभग 3 वर्ष पूर्व तालेड़ा में हरीश गुप्ता के यहां हुई भागवत कथा में सीमा मिश्रा आई थी और राज परिवार के सदस्य वंशवर्धन सिंह भी वहां आए थे, तब वंश वर्धन सिंह ने सीमा मिश्रा को बूंदी आने एवं ईश्वरी निवास में रुकने का निमंत्रण दिया था, सीमा मिश्रा ने बूंदी के विभिन्न पर्यटन स्थलों को देखकर बहुत अभीभूत हुई और कहा कि इनको और ज्यादा सहेज ने की आवश्यकता है क्योंकि बूंदी हाडोती की राजधानी रही है। देर शाम सीमा मिश्रा तालेड़ा स्थित हरीश गुप्ता के निवास पर आई।




Post a Comment

और नया पुराने