31 इन्फ्लुएंसर को मिलेगा नवपीढ़ी प्रेरणादूत सम्मान
जयपुर। राजस्थान की लता मंगेशकर और मरु कोकिला के रूप में प्रख्यात भारत की लोक गीत सम्राज्ञी सीमा मिश्रा जी के 50वें स्वर्णिम जन्मदिवस एवं राजस्थानी लोकगीत-संगीत,संस्कृति भाषा के संरक्षण,संवर्धन एवं सृजन के गौरवशाली तीन दशक को समर्पित इनकी सेवा,संकल्प और साधना को सम्मानित करने के उद्देश्य से 3 नवंबर को सीमा मिश्रा राजस्थान लोकसंगीत- कला अकादमी एवं स्वर माधुरी मल्टीमीडिया के संयुक्त तत्वावधान में झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य समारोह होगा। अपराह्न 3 बजे से होने वाले इस आयोजन में परिचर्चा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्वर्णिम सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 31 प्रभावशाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को ‘नवपीढ़ी प्रेरणादूत सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य संयोजक शिव विनायक शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य मरु कोकिला सीमा मिश्रा की स्वर-साधना का सम्मान करने के साथ राजस्थानी लोकगीत,संगीत संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में लोकगीत-संगीत की परंपरा, वर्तमान चुनौतियों और नई पीढ़ी को लोक विरासत से जोडऩे पर चर्चा होगी।
समारोह में सांसद मंजू शर्मा, विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, जयपुर उप महापौर सरोज कंवर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हाकम अली खान, विधायक बालमुकुंदाचार्य, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक अश्विन दल्वी,जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के संस्थापक ओपी अग्रवाल और उद्योगपति कमल पोद्दार सहित कई प्रमुख अतिथि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में पद्मश्री रामकिशोर छीपा, पद्मश्री अहमद हुसैन, पद्मश्री मोहम्मद हुसैन, पद्मश्री गुलाबो सपेरा, पद्मश्री तिलक गिताई, पद्मश्री मुन्ना मास्टर, आईएएस रवि जैन और आईएएस शमित शर्मा सहित कला, संस्कृति और प्रशासन जगत की कई हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।
शर्मा ने कहा कि समारोह के जरिए लोक कलाकारों को प्रोत्साहन देने और राजस्थानी भाषा ,लोकगीत-संगीत,संस्कृति की विरासत को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।


إرسال تعليق