पंकज चतुर्वेदी
जयपुर. औद्योगिक विकास के मामले में पूरे देश में राजस्थान ने अपनी धमक दिखाई है। केन्द्र की ओर से विभिन्न मानदंडों पर देश भर में चुने गए शीर्ष उन्नत 41 औद्योगिक पार्कों में 17 अकेले राजस्थान से हैं। टॉप टेन में जोधपुर के बोरानाडा औद्योगिक पार्क के फेज—5, एग्रो फूड पार्क और इपीआइपी शामिल हैं।
केन्द्र के उद्योग प्रोत्साहन एवं आंतरिक व्यापार विभाग की ओर से जारी इंडस्ट्रियल पार्क रेटिंग सिस्टम (आइपीआरएस 2.0) की रिपोर्ट ने इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट में 18 पार्कों के साथ महाराष्ट्र अव्वल है, जबकि राजस्थान दूसरे पायदान पर है। केन्द्र की ओर से किए गए सर्वे में देश के राज्यों ने 1600 से पार्कों के स्व मूल्यांकन दिए थे। इसमें से चयनित 400 से अधिक पार्कों में केन्द्र की टीमों ने सर्वे कर डेवलपर्स और भूखंडधारकों के बयानों के आधार पर समग्र रेटिंग जारी की है।
हमारे ये पार्क रेटिंग में
बोरानाडा के तीन पार्क के अलावा इपीआइपी—जयपुर, सीतापुरा फेज 3, नीमराणा फेज 2, कालडवास एक्सटेंशन, करौली, किशनगढ़—5, मण्डा फेज 1, एमआइए एक्सटेंशन अलवर, एमआइए उदयपुर, न्यू इंडस्ट्रियल कॉम्पलेक्स नीमराणा, रीको एरिया बालोतरा, चौपानकी, टपूकड़ा और गिलोथ शामिल हैं।
10 प्रतिशत औद्योगिक भूमि हमारी
रिपोर्ट में कहा गया है कि देश भर के औद्योगिक पार्कों में उपलब्ध भूमि का 83 प्रतिशत पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में है। इसका करीब 74 प्रतिशत राजस्थान समेत पांच राज्यों में है। इस रैंकिंग में राजस्थान 10 प्रतिशत (10762 हैक्टेयर) भूमि की उपलब्धता के साथ चौथे स्थान पर है। शीर्ष तीन में तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात हैं।
ढांचा, सुरक्षा और स्थायित्व का पैमाना
केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार रेटिंग के लिए बाहरी आधारभूत ढ़ांचा, आंतरिक संरचना, बिजनेस सपोर्ट सर्विस और पर्यावरण सुरक्षा व स्थायित्व के पैमाने चुने गए। इन चार स्तंभों के 45 विस्तृत मानदंडों के आधार पर रेटिंग की गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2WQ9Rjy
إرسال تعليق