जयपुर। लोकतंत्र के महोत्सव में विधि विषय के छात्र-छात्राओं का रूझान बढ़ाने और नए आयामों की खोज के लिए भारत निर्वाचन आयोग राष्ट्रीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन करवा रहा है। पात्र अभ्यर्थी 21 नवंबर तक प्रविष्टियां भेज सकते हैं। प्रथम पुरस्कार पाने वाले विजेता को एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र ने पिछले दिनों इस प्रतियोगिता के पहले संस्करण की शुरुआत की थी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के जरिए विधि विषय के युवा छात्रों की विषय के प्रति ज्ञान और विश्लेषण करने की क्षमताओं को भी परखा जा सकेगा। राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम), जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी सोनीपत, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में ‘लीगल फ्रेमवर्क फॉर सोशल मीडिया रेगुलेशन डयूरिंग इलेक्शंस‘ और ‘द ईसीआई रोल इन प्रोटेक्टिंग एंड प्रिजर्विंग इलेक्टोरल डेमोक्रेसी‘ विषय पर प्रविष्टियां मांगी हैं। इस प्रतियोगिता में बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त लॉ विश्वविद्यालय, महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। यह निबंध प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर तक प्रतियोगी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3Fle9AU
إرسال تعليق