
जयपुर।
प्रदेश में दो सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए भाजपा के दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। मगर बागियों ने पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। इन बागियों को मनाने के लिए पार्टी ने अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। खुद प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां भी इन रूठों को मनाने में जुटे हैं। अगर बागी नहीं मानें तो पार्टी को दोनों सीटों पर भारी नुकसान हो सकता है।
धरियावद सीट की बात करें तो यहां दिवंगत विधायक गौतम लाल मीणा के पुत्र कन्हैया लाल मीणा ने निर्दलीय पर्चा दाखिल कर रखा है। मीणा का क्षेत्र में अच्छा वर्चस्व है। खुद दो बार के प्रधान हैं और उनकी पत्नी वर्तमान में प्रधान है। सबसे बड़ी बात है कि उनके पिता की मौत के बाद उन्हें सहानुभूति वोट मिलने की पूरी उम्मीद है। इसलिए भाजपा को कांग्रेस से ज्यादा कन्हैया से डर है। भाजपा के प्रमुख नेता कन्हैया को नामांकन वापसी के लिए मनाने में जुटे हैं। खुद पूनियां भी उनसे संपर्क साधेंगे। पूनियां के अलावा उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक जोगेश्वर गर्ग, अमृत लाल मीणा, चंद्रभान सिंह आक्या, पूर्व विधायक नानालाल अहारी जैसे नेताओं को कन्हैया को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
उदय लाल को मिला आरएलपी का साथ
वल्लभनगर में भाजपा के लिए एक नहीं, बल्कि दो नेताओं ने भाजपा की नींदें उड़ा दी है। रणधीर भींडर की जनता सेना ने भाजपा के खिलाफ बिगुल बजा रखा है। वहीं उदय लाल डांगी ने भी भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद नामांकन दाखिल कर दिया। अब आरएलपी ने उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है। डांगी 2018 के चुनाव में 42 हजार वोट प्राप्त कर चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को डांगी को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है। डांगी को कटारिया की टिकट देने के पक्ष में थे। कटारिया के अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसद सीपी जोशी, दीया कुमारी, सुरेश रावत और फूलचंद मीणा भी उदय लाल डांगी को मनाने में जुटे हैं। हालांकि आरएलपी का सिम्बल मिलने से उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
13 को साफ होगी तस्वीर
दोनों सीटों पर नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 13 है। इस दिन साफ हो जाएगा कि कौन—कौन प्रत्याशी मैदान में हैं। अगर भाजपा के बागियों ने नाम वापस नहीं लिए तो दोनों सीटों पर जीत की राह बहुत मुश्किल हो जाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3oG8Hm8
एक टिप्पणी भेजें