Rajasthan Panchayat Election : जयपुर। प्रदेश के अलवर और धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव को लेकर उम्मीदवारों का प्रचार शुरू हो गया है। कांग्रेस— भाजपा सहित अन्य उम्मीदवारों ने घर घर जाकर वोट मांगने का सिलसिला शुरु कर दिया है। उम्मीदवारों को कोविड गाइडलाइन के अनुसार ही प्रचार करने के निर्देश दिए गए है। वे सिर्फ पांच लोगों के साथ ही प्रचार कर सकते है। इससे ज्यादा लोगों की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आम सभा पर रोक— राज्य चुनाव आयोग ने प्रचार में कोविड के दिशा-निर्देशों की अवहेलना नहीं करने को कहा है। इसके लिए सभी चुनावी रैली, आम सभाओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसकी पालना नहीं करने पर उम्मीदवारों को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। इनकी निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं जो वीडियोग्राफी करेंगे और उसकी रिपोर्ट आयोग के पास भेजेंगे
पंचायत चुनाव में अब 2194 उम्मीदवार मैदान में — पंचायत चुनाव में नाम वापसी के बाद अब जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के लिए कुल 2194 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। जिला परिषद सदस्यों के लिए 244 तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए 1950 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। कल नाम वापसी का अंतिम दिन था और अंतिम उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन करके उन्हें चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया गया था।
इतने सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन—
जिला परिषद सदस्य के लिए 2 और पंचायत समिति सदस्य के लिए 13 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। दोनों जिलों में 4 अक्टूबर से अधिसूचना जारी होते ही नामांकन पत्र भरने का कार्य प्रारंभ हो गया था। 8 अक्टूबर तक जिला परिषद सदस्यों के लिए 417 उम्मीदवारों ने 511 और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 2879 उम्मीदवारों ने 3392 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। जांच और नाम वापसी के बाद कुल 2194 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत चुनावी रण में आजमाते नजर आएंगे।
27 लाख 2 हजार 791 मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी चित्रा गुप्ता ने बताया कि दोनों जिलों में कुल 27 लाख 2 हजार 791 मतदाता अपने वोट का उपयोग कर सकेंगे। इनमें से 14 लाख 41 हजार 738 पुरुष, 12 लाख 61 हजार 45 महिलाएं व 8 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
मतदान तीन चरणों में—
गौरतलब है कि दोनों जिलों में 3 चरणों में मतदान करवाए जाएंगे। पहले चरण के लिए 20, दूसरे चरण के लिए 23 और तीसरे चरण के लिए 26 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। उन्होंने बताया 29 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से सभी जिला मुख्यालयों पर मतगणना करवाई जाएगी। प्रमुख, प्रधान का चुनाव 30 अक्टूबर को जबकि उप प्रमुख, उप प्रधान का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा।
चुनावी तस्वीर
पंचायत चुनाव में 2194 उम्मीदवार मैदान में
15 उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन
27 लाख से ज्यादा मतदाता
मतदान तीन चरणों में, पहला चरण 20 को
मतगणना 29 को?
जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव 30 को
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3FBU0qc
एक टिप्पणी भेजें