भवनेश गुप्ता
जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा है कि हम राजस्थान में किसी कुर्सी को पकड़ने या घेरने नहीं आए हैं। कुर्सी हमारा लक्ष्य नहीं है। कुर्सी तो हमारा माध्यम है, देश को आगे ले जाने के लिए। हम यहां आए हैं एकात्मवाद की तृष्णा को शांत करने, अंत का उदय करने और अंत्योदय का साक्षात रूप देने के लिए।
नड्डा शुक्रवार को बिड़ला सभागार में आयोजित स्व. सुंदर सिंह भंडारी की जन्म शताब्दी पर स्मारिका विमोचन व नागरिक अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। नड्डा ने भंडारी के विचारों को दोहराते हुए कहा कि 'सिटिंग एण्ड गैटिंग इट इज नॉट द प्रिंसिपल'..। यह सांसद और विधायकों पर भी लागू होता है, क्योंकि कोई भी सीट किसी के लिए स्थाई नहीं है। कभी न कभी उसकी जगह किसी दूसरे को लेनी ही है। इसलिए स्व. भंडारी ने जिस तरह कार्यकर्ताओं को गढ़ने का काम किया, वैसे ही हमारा लक्ष्य भी उसी ओर होना चाहिए। इस मौके पर भंडारी के जीवनी पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी हुआ।
जमीन बेचकर जमानत बचाने से मिलती थी खुशी
उन्होंने जनसंघ के दौर की बात याद कि और कहा कि वह भी वक्त था, जब कार्यकर्ता अपनी जमीनें बेचकर चुनाव केवल इसलिए लड़ते थे कि जनसंघ की जमानत बच सके। इसी में उन्हें खुशी मिलती थी। आज हम परिवर्तन के उपकरण हैं।
कांग्रेसियों को आंख तो दे सकते हैं, लेकिन दृष्टि नहीं
गरीब के लिए आवास, पानी, शिक्षा के लिए काम करना है। जातिवाद से दूर रहना है और विकास की राजनीति करनी है। देश बदल रहा है, लेकिन कांग्रेस को देश का विकास नहीं दिखता है। हम कांग्रेसियों को आंख तो दे सकते हैं, लेकिन दृष्टि कहां से दें।
ये भी रहे मंच पर
मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, सांसद रामचरण बोहरा, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, सांसद राज्यवदृर्धन सिंह राठौड़, विधायक राजेन्द्र राठौड़, पूर्व विधायक अरुण चतुर्वेदी, महापौर सौम्या गुर्जर सहित कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन भाजपा शहर अध्यक्ष राघव शर्मा ने किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/6nxCOXM
https://ift.tt/8gOK02l
एक टिप्पणी भेजें