जयपुर।
कांग्रेस नेताओं को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी के 'सत्याग्रह' को भाजपा ने 'फ़र्ज़ी सत्याग्रह' करार दिया है। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने तंज कसते हुए आज एक ट्वीट प्रतिक्रिया जारी की और कांग्रेस के 'सत्याग्रह' को 'फ़र्ज़ी सत्याग्रह' बताया।
प्रदेशाध्यक्ष डॉ पूनिया ने कहा, 'देश संविधान और व्यवस्था से चलता है और प्रवर्तन निदेशालय देश के आर्थिक अनुशासन को बनाए रखने वाली संस्था है।उसके सामने अपना पक्ष रखा जाना चाहिए, लेकिन यहां तो “चोर की दाढ़ी में तिनका” लग रहा है।आज की कांग्रेस के “फ़र्ज़ी सत्याग्रह” से असली गांधी जी स्वर्ग में हैरान हो रहे होंगे।
ईडी के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेशी के विरोध में कांग्रेस आज देशभर में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। राजधानी दिल्ली सहित देश के सभी राज्यों में जांच एजेंसी ईडी के विरोध में सभी राज्यों में पैदल मार्च निकाला जाएगा।
राजधानी दिल्ली में जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही कांग्रेस पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ पैदल मार्च करते हुए ईडी कार्यालय तक जाएंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे तो वही राजधानी जयपुर में भी प्रदेश कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय पैदल मार्च निकाला जाएगा और एडी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया जाएगा।
9 बजे पीसीसी मुख्यालय इकट्ठा होंगे कार्यकर्ता
इधर ईडी कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 9 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर इकट्ठा होंगे, यहां पर गहलोत सरकार के मंत्री विधायक,पार्टी कार्यकर्ता और बोर्ड-निगमों के चेयरमैन प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में रवाना होंगे और पैदल मार्च करते हुए संसार चंद्र रोड, गवर्नमेंट हॉस्टल, सी स्कीम और स्टेच्यू सर्किल होते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचेंगे जहां पर कांग्रेस का पैदल बाद धरने में तब्दील हो जाएगा और ईडी कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता धरना देते हुए केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के वक्ता मंच से मोदी सरकार और ईडी के पर जमकर बरसेंगे। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है जब प्रदेश कांग्रेस की ओर से केंद्रीय जांच एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा हो। इससे पहले भी प्रदेश कांग्रेस की ओर से सीबीआई कार्यालय का घेराव किया जा चुका है।
कांग्रेस नेताओं के घरों पर पुलिस तैनाती !
दिल्ली में कांग्रेस के तमाम नेताओं और सांसदों के घरों के बाहर पुलिस की तैनाती को लेकर भी मामला तूल पकड़ लिया है। इस मामले में कांग्रेस और मुखर हो गई कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तानाशाही बरतने का आरोप लगाया है। इससे पहले रविवार को जयपुर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव बल्लव और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ईडी के खिलाफ देशभर में सड़कों पर उतरने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नोटिस जारी करके ईदी के सामने पेश होने को कहा था। हालांकि सोनिया गांधी बीमारी के चलते ईडी के सामने पेश नहीं हुई लेकिन राहुल गांधी आज ईडी के सामने पेश होंगे, जिसके विरोध में कांग्रेस देश भर में आज प्रदर्शन कर रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/XqYtye3
https://ift.tt/wNiqRf3
إرسال تعليق