डॉक्टर को दिखाकर कार में गांव लौट रहे थे, ट्रेलर से भिड़ी, चार की मौत

श्रीडूंगरगढ़. जिले के श्रीडूंगगरढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देररात कार-ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। दो जने घायल हुए है। जिनका पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में उपचार चल रहा है।


श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि बुधवार रात नेशनल हाईवे-11 पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना पर एएसआइ बीरबल ढाका मौके पर पहुंचे। हादसे के समय कार में छह लोग सवार थे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और वाहनों से अस्पताल भिजवाया।

हादसे में सरदारशहर के गिड़गिचिया निवासी 45 वर्षीय जगदीश पुत्र गोरखराम नायक उसकी पत्नी संतोष, रामसीर निवासी रामदयाल पुत्र हस्तीराम व गाड़ी चालक शिमला निवासी आरिफ पुत्र नवाब निवासी की मौत हो गई। जबकि रमेश पुत्र जगदीश व पूजा पत्नी रमेश घायल हुए है। जिनका पीबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रेलर चालक पर मुकदमा दर्ज किया है।


बीकानेर से गिड़गिचिया जा रहे थे कार सवार

पुलिस के अनुसार जगदीश के बेटे रमेश की पत्नी पूजा की तबीयत खराब है। वह उसे पीबीएम अस्पताल में चेकअप कराने आए थे। बुधवार रात को चेकअप कराकर वापस सरदारशहर जा रहे थे। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक के साथ आगे की सीट पर बैठे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस और आपणो गांव सेवा समिति के सेवादार मौके पर पहुंचे। कार चालक आरिफ ने पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर गिड़गिचिया के पूर्व सरपंच मदनलाल तिवाड़ी सहित मृतकों के परिजन श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी पहुंचे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Dj7Q9ac

https://ift.tt/4leqjNF

Post a Comment

और नया पुराने