जयपुर। सीबीएसई के 12वीं बोर्ड व जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) का सिलेबस वर्ष 2023 के लिए बदला गया है। लाखों विद्यार्थियों को अब एनटीए नई दिल्ली के जईई मेन 2023 (JEE main 2023) के नोटिफिकेशन जारी किए जाने का इंतजार है, ताकि सिलेबस बदलाव का संशय खत्म हो सके। जेईई मेन में हर साल 8 से 10 लाख स्टूडेंट प्रवेश परीक्षा देते हैं।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि 12वीं बोर्ड में अध्ययनरत गणित विषय के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों के बीटेक, इंटीग्रेटेड एमटेक, डुएल डिग्री कोर्स में प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होना पड़ता है। इसके लिए जेईई मेन प्रवेश परीक्षा को क्वालीफाई करना जरूरी है। जेईई मेन प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची के प्रथम ढाई लाख विद्यार्थियों को ही जेईई एडवांस्ड के लिए पात्र घोषित किया जाता है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को जेईई मेन के आयोजन व सिलेबस की जानकारी समय पर उपलब्ध होना काफी जरूरी है। सीबीएसई व जेईई एडवांस्ड 2023 के सिलेबस में बदलाव से अभिभावकों व विद्यार्थियों को आशंका है कि कही जेईई मेन का सिलेबस भी नहीं बदल दिया जाए। हालांकि एक्जाम सिलेबस में अचानक बदलाव की संभावना काफी कम है।
कोविड-19 के 2 साल 2020 व 2021 में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन व एडवांस्ड समय से नहीं हुई थी। साल 2019 में जेईई मेन परीक्षा के दो अटेम्ट विद्यार्थियों को मिले थे। इनमें पहला 8 से 12 जनवरी व दूसरा 7 से 12 अप्रेल था। इसका परिणाम 30 अप्रेल 2019 को आया। जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 27 मई 2019 को हुई। इसका परिणाम 14 जून को आया था। देव शर्मा ने बताया कि कोविड-19 महामारी करीब खत्म हो चुकी है। इंजीनियरिंग व मेडिकल शिक्षा के शैक्षणिक सत्र को पटरी पर लाने के लिए एनटीए जेईई मेन का नोटिफिकेशन नवम्बर 2022 में जारी करना होगा, ताकि एग्जाम जनवरी में हो सके।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/0Hmf4dM
https://ift.tt/w48paIF
إرسال تعليق