आभूषण शोरूम का ताला तोड़ रहे थे, मालिक ने शोर मचाया तो भागे चोर

नोखा . कस्बे की फौजी कॉलोनी में एक आभूषण शोरूम में रविवार देर रात मालिक की सूझबूझ और पुलिस की रात्रि गश्त से चोरी की बड़ी वारदात होने से टल गई। चोर शोरूम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे पाते, इससे पहले ही मालिक के जागने पर उसने शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से चोर भाग खड़े। इसके चंद मिनटों बाद वहां रात्रि गश्त करती हुई पुलिस भी पहुंच गई। इसकी सूचना मिलते ही सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने चोरों को पकडऩे के लिए तुरंत नाकाबंदी करवाई। सीआइ ने बताया कि आभूषण शोरूम में चोरी का प्रयास करने के मामले में नाकाबंदी करवाकर रातभर चोरों की तलाश की गई, लेकिन वे पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखकर चोरों की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।


खुल गई थी नींद
शोरूम मालिक जगदीश सोनी ने बताया कि शोरुम के सामने ही घर बना है। शोरुम में उसके बेटे बैठते हैं। रविवार को रोजाना की तरह शाम को शोरूम बंद कर घर आए थे। रात्रि करीब 10 बजे खाना खाकर सो गए थे। रात्रि करीब दो बजकर 40 मिनट पर चोरों ने शोरूम का शटर व ताला तोडऩे का प्रयास किया, तो कमरे में सो रही उसकी पत्नी मैना की नींद खुल गई। उसने खिड़की से झांककर देखा, तो कुछ लोग शोरूम के ताले तोडऩे का प्रयास कर रहे थे। उसने पहले खुद आवाज लगाई, बाद में तुरंत उसे जगाया। उसने जाली की खिड़की से शोर मचाया, तो चोर गाड़ी में बैठकर भाग निकले। इतनी देर में बाइक पर गश्त करते दो पुलिस जवान पहुंच गए। उनको घटना के बारे में बताया, तो फोन कर पुलिस गाड़ी को बुला लिया। बाद में सीआई जांगिड़ भी आ गए।


सीसीटीवी कैमरे में नजर आए चोर
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए घटनाक्रम में फौजी कॉलोनी के जेपी ज्वैलर्स शोरूम पर रविवार रात दो बजकर 40 मिनट पर चार चोर पिकअप में सवार होकर आए, इसमें आगे की सीट पर बैठा एक चोर पहले नीचे उतरता है। बाद में इशारा करने पर पिकअप में पीछे लेटे दो चोर नीचे उतरते हैं। तीन चोर काले रंग के कपड़े व मुंह पर तौलियां बांधे रहते हैं। एक चोर लोहे की रॉड लेकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के मुंह को ऊपर की तरफ करता है, ताकि वे कैमरे में कैद ना हो सके। बाद में लोहे की रॉड से शटर व ताले को तोडऩे का प्रयास करता है। बाद में आवाज देने पर गाड़ी में बैठकर भाग जाते हैं।


बच गए करीब 13 लाख के आभूषण
शोरूम मालिक जगदीश के मुताबिक दुकान में करीब 13 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे, जो चोरी होने से बच गए। चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए उसने एक दिन पहले ही शोरूम के शटर में अलर्ट सेंसर अलार्म उपकरण लगवाया था। शटर को थोड़ा सा ऊंचा करते ही जोर से आवाज करता है, ताकि चोरी ना हो सके।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Mo0S5xR

https://ift.tt/LatC01E

Post a Comment

أحدث أقدم