लूणकरनसर. राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर कंवरसेन लिफ्ट नहर की 264 आरडी पुलिया के समीप गुरुवार रात को दूध के केन से भरी पिकअप गाड़ी बेकाबू होकर नहर में गिर गई। गनीमत रही कि नहर में पिकअप डूबने के बावजूद चालक की जान बच गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया।
लूणकरनसर थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी के अनुसार गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे डूडीवाली निवासी कन्हैयालाल पुत्र ईमीचंद जाट अपनी पिकअप गाड़ी में दूध के केन भरकर लूणकरनसर से मलकीसर की तरफ डेयरी में लेकर जा रहा था। इस दौरान कंवरसेन लिफ्ट नहर की पुलिया के समीप अचानक पिकअप अनियन्त्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे में पिकअप समेत चालक डूब गया, लेकिन थोड़ी देर में पिकअप चालक कन्हैयालाल गाड़ी के फाटक से बाहर निकल आया। हादसे के दौरान पिकअप को डूबते पास के होटल संचालक ने देख लिया। इसके बाद तुरन्त पुलिस को सूचना की। रात के वक्त कस्बे में गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी थोड़ी देर में मौके पर पहुंच गई। इसके बाद चालक को अलाव जलाकर सर्दी से बचाया तथा लूणकरनसर अस्पताल में भर्ती करवाकर उपचार करवाया गया। शुक्रवार शाम को क्रेन की मदद से पिकअप को बाहर निकाला गया।
खेत में घुसकर मारपीट का आरोप
श्रीडूंगरगढ़. खेत में घुसकर मारपीट के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार बिग्गा निवासी राजुदेवी पत्नी बेगाराम बावरी ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि 22 अक्टूबर को गांव के ही मंगलाराम पुत्र गिरधारी राम बावरी शराब पीकर खेत में आया और उसके पति बेगाराम के साथ गाली-गलौच कर लाaठी से मारपीट की। शोर सुनकर प्रार्थिनी और उसका पुत्र पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। मारपीट में प्रार्थिनी के पति का पैर टूट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/JVWFH0U
https://ift.tt/x3L6XJc
एक टिप्पणी भेजें