सफाई करने वाले पूरे नहीं, फाइल चलाने वाले भी कार्मिक कम

नगर निगम लिपिकों और सफाई कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। निगम में इन पदों में स्वीकृत पदों में से भी रिक्त चलने से कार्यालयी और सफाई संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे है। इससे आमजन परेशान हो रहे है। शहर के लगातार हो रहे विस्तार और बढ़ रही जनसंख्या के अनुपात में सफाई कर्मचारी नहीं होने से इसका प्रतिकूल असर शहर की सफाई व्यवस्था पड़ रहा है। वहीं निगम में कार्य बढ़ने के बावजूद पदों के नहीं बढ़ने और स्वीकृत लिपिको के पदों में से भी पचास फीसदी पदों के रिक्त होने का असर कार्यालयी कार्यों पर पड़ रहा है। पत्रावलियां अटक रही है व लोग परेशान हो रहे है।

पचास फीसदी पद खाली

नगर निगम में कनिष्ठ लिपिक ग्रेड प्रथम के 20 पद स्वीकृत है। इनमें से 10 पद रिक्त चल रहे है। इसी प्रकार लिपिक ग्रेड द्वितीय के 30 पद स्वीकृत है इनमें से 17 पद खाली पड़े है।

130 पद रिक्त, दर्जनों सफाई कार्य से दूर

नगर निगम में सफाई कर्मचारी के 1661 पद स्वीकृत है। निगम की स्थापना शाखा की जानकारी अनुसार इनमें से 130 पद रिक्त चल रहे है। कार्यरत 1531 कर्मचारियों में से सौ से अधिक सफाई कर्मचारी सफाई कार्य से दूर अन्य निगम संबंधित कार्य कर रहे है।

जनसंख्या के अनुपात में सफाई कर्मचारी नहीं

प्रति एक हजार की जनसंख्या पर चार सफाई कर्मचारी नियुक्त होने का प्रावधान बताया जा रहा है। शहर की वर्तमान में जनसंख्या 8 लाख के करीब है। इस जनसंख्या के अनुसार 3200 सफाई कर्मचारी निगम में होने चाहिए। निगम में स्वीकृत पद 1661 ही है। यह संख्या शहर की जनसंख्या के अनुपात के लिए आवश्यक कर्मचारियों से पचास फीसदी ही है। सफाई कर्मचारियों की कमी का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर आ रहा है।

कार्य बढ़ा, पद नहीं

नगर निगम में मंत्रालयिक संवर्ग में 62 पद वर्षों पूर्व के स्वीकृत है। बीते सालों में निगम में कार्यो में लगातार बढ़ोतरी हुई है, लेकिन पदों की संख्या नहीं बढ़ी है। कार्यरत कर्मचारियों के ही सेवानिवृत्त होने से रिक्त पद लगातार बढ़ रहे है। इससे लिपिकीय कार्य प्रभावित हो रहे है। फाइलें अटक रही है।

ये स्वीकृत पद चल रहे रिक्त

नगर निगम में विभिन्न संवर्गो में ऐसे भी कई पद है, जो जितने स्वीकृत है वर्तमान में रिक्त चल रहे है। इनमें मुख्य लेखाधिकारी,वरिष्ठ लेखाधिकारी, लेखाधिकारी, उप विधि परामर्शी,विधि अधिकारी, विधि सहायक, पैरोकार प्रथम, स्वास्थ्य अधिकारी चयनित वेतनमान व सामान्य, परियोजना अधिकारी, उप अधीक्षक पुलिस, सीआई पुलिस, एसेसर, उद्यान अधीक्षक, उद्यान निरीक्षक, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी, पर्यावरण अधिकारी, स्टेनोग्राफर, प्रोग्रामर, डाटा एण्ट्री ऑपरेटर, कांस्टेबल पुलिस, ऑटो केड ऑपरेटर, सांख्यिकी सहायक, सहाकय पर्चा वितरक, विद्युत निरीक्षक, सहायक विद्युत निरीक्षक, दफ्तरी, वायरमैन पद रिक्त चल रहा है।

रिक्त पदों को भरने की बार-बार मांग

नगर निगम में रिक्त चल रहे पदों को भरने की बात बार-बार कर्मचारी संगठन व कर्मचारी नेता करते रहे है। कर्मचारी नेता शिवलाल तेजी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की कमी का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। जनसंख्या के अनुपात में सफाई कर्मचारी नहीं है। आवश्यक से आधे कर्मचारी ही कार्यरत है। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि रिक्त पदों को भरने का निर्णय सरकार स्तर पर होना है। समय-समय पर रिक्त पदों की िस्थति सरकार को भेजी जा रही है।

नगर निगम-फैक्ट इन फाइल

2141 पद नगर निगम में स्वीकृत

1738 पदों पर अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत

404 पद चल रहे है रिक्त

130 सफाई कर्मचारियों के पद खाली

27 पद लिपिक ग्रेड प्रथम व द्वितीय के पद रिक्त



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/HFPAby5

https://ift.tt/EATsWx5

Post a Comment

और नया पुराने