...तो इस वजह से सस्पेंड हुए बीकानेर के नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा

बीकानेर. घर के आगे रैम्प बनवानेे पर एक बुजुर्ग के साथ हाथापाई की घटना बीकानेर नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा को महंगी पड़ गई। दिन की इस घटना में शाम ढलते-ढलते निगम आयुक्त के सस्पेंशन यानी की निलंबित होने की खबर आ गई। इतना ही नहीं, उन्हें तुरंत प्रभाव से रिलीव भी कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद भले ही आयुक्त के विरोधी खेमे यानी महापौर और बाकी लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने सारे दिन की लाइमलाइट लूट ली।

हुआ क्या था

आरोप है कि नगर निगम आयुक्त ने बुजुर्ग साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें अपराधी की तरह गाड़ी में डालकर सदर थाने भिजवा दिया। बुजुर्ग के खिलाफ भादंसं की धारा 151 में कार्रवाई की गई। घटना का पता चलने पर परिजनों-व्यापारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने विरोध जताया। एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक से मिला और उन्हें ज्ञापन देकर नगर निगम आयुक्त को एपीओ अथवा सस्पेंड करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, सार्दुलगंज निवासी संजय जैन (58) अपने घर के आगे गाड़ी लगाने के लिए रैम्प बनवा रहे थे। तभी वहां पर नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने आव देखा न ताव, बुजुर्ग संजय के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जबकि वह हाथ जोड़कर अपनी गलती के बारे में पूछता रहा। इतना ही नहीं, बाद में उन्हें जबरन गाड़ी में डालकर सदर पुलिस थाने भिजवा दिया।

घटना को लेकर जताया आक्रोश

घटना को लेकर परिजनों, व्यापारियों व भाजपा पदाधिकारियों ने रोष जताया। पीडि़त संजय जैन के रिश्तेदार सुशील बैद ने बताया कि संजय को किसी तरह का कोई नोटिस व चेतावनी नहीं दी गई थी। नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा ने उनके साथ मारपीट की, जो गलत है। बुजुर्ग के साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया गया। प्रतिनिधिमंडल में राजेन्द्र गोलछा, मोहन सुराना, रतनलाल दफ्तरी, राजेन्द्र दफ्तरी, सत्यप्रकाश आचार्य, गुमानसिंह राजपुरोहित, अमित डागा, रोहित डागा, सुनील दफ्तरी, बाबू बड़ेर, सुरेन्द्र तातेड़, किशोर आचार्य, विक्रमसिंह राजपुरोहित आदि शामिल थे। खबर है कि देर शाम निवर्तमान निगम आयुक्त बिरदा के खिलाफ पुलिस थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।

बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...

 



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/URHze51

https://ift.tt/SBlZLV3

Post a Comment

और नया पुराने