अब यह मासूम सुन-बोल सकेगी, बीकानेर में सफल सर्जरी, वह भी फ्री...जानिए कैसे

बीकानेर. सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध पीबीएम अस्पताल के नाक कान एवं गला विभाग में शनिवार को जोधपुर निवासी चार वर्षीय कोमल का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया गया। यह बच्ची जन्म से ही मूक-बधिर थी। बेहद गरीब माता-पिता की संतान कोमल अब सुनने के अलावा बोल भी सकेगी। इसके लिए कोमल को दो साल तक स्पीच थेरेपी दी जाएगी। पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। सफल सर्जरी करने के बाद प्राचार्य के अलावा पीबीएम अधीक्षक डॉ. पीके सैनी की मौजूदगी में केक कटिंग का कार्यक्रम रखा गया। विभागाध्यक्ष डॉ. दीपचंद के मार्गदर्शन में वर्ष 2016 से ईएनटी सर्जन डॉ. गौरव गुप्ता ने यह ऑपरेशन बीकानेर में शुरू किया था। शनिवार को 150 वें इम्प्लांट के अवसर पर पूरे अस्पताल प्रशासन एवं ईएनटी विभाग के सदस्य मौजूद रहे। कोमल सुनने के अलावा बोल भी नहीं सकती थी। अब इसे बोलने के लिए दो साल तक स्पीच थेरेपी दी जाएगी।

क्या है कॉक्लियर इम्प्लांट

यह एक ऐसी सर्जरी है, जिसके सफल होने पर मरीज सुनने बोलने योग्य हो जाता है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना के अंतर्गत दो साल से छोटे बच्चों के दोनों कानों में यह इम्प्लांट पूर्णत: निःशुल्क किया जा रहा है। इसमें ऑपरेशन से पहले एवं बाद में होने वाले सभी खर्च शामिल हैं। ऐसा करने वाला राजस्थान भारत का केवल दूसरा राज्य है। बीकानेर का पीबीएम अस्पताल प्रदेश का पहला चिकित्सा संस्थान है, जिसमें डिजिटल हियरिंग एड चिंरजीवी योजना के अंतर्गत देने शुरू हो चुके हैं। अब तक 12 बच्चों को डिजिटल हियरिंग एड दिए जा चुके हैं, जिनका निःशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट आने वाले समय में किया जाएगा।

अलग से ऑपरेशन थियेटर

प्रचार्य डॉ. गुंजन सोनी ने बताया कि इस इम्प्लांट हेतु सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में एक पृथक ओटी स्वीकृत किया गया। इसमे आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए राज्य सरकार ने 2.25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। ये उपकरण आने के बाद संभवत: ये उत्तर भारत का एकमात्र कॉक्लियर इम्प्लांट डेडिकेटेड मॉड्युलर ओटी होगा। इस मौके पर अधीक्षक डॉ. पीके सैनी, ईएनटी विभाग के सर्जन डॉ. गौरव गुप्ता भी मौजूद थे।

यह है टीम

ईएनटी के आचार्य डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. चारू प्रभाकर, डॉ. सुभाष सिहाग, डॉ. स्नेहलता एनस्थीसिया से डॉ. प्रियंका, डॉ. पूनम, डॉ. तनवीर, डॉ. केमनोंग तथा नर्सिंंग कार्मिक नीलम व मनीष, नर्सिंग इंचार्ज सोफिन भाटी, कार्मिक इमरान एवं स्पीच थैरेपिस्ट कौशल शर्मा, आशीष सरोवा।

बीकानेर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/qPD7RM9

https://ift.tt/WMBC9Xv

Post a Comment

أحدث أقدم