सज-धज कर पहुंचे ऊंट, हूटिंग करते दर्शक, मूंछों पर ताव देते रोबिलों के साथ सेल्फी लेते लोग...यह नजारा था अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के दूसरे दिन उष्ट्र अनुसन्धान केंद्र का...। शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कैमल फेस्टिवल में ऊंटों की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फेस्टिवल के दौरान ऊंट नृत्य से लेकर दौड़ ने लोगों को खूब आकर्षित किया। दूसरे दिन की शुरुआत ऊंट नृत्य प्रतियोगिता से हुई, जिसमें अलग-अलग जगहों से पहुंचे 15 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ऊंटों के मनमोहक नृत्य को देख हर कोई चकित रह गया। ढोल की धुन पर ऊंटों के साथ-साथ बाहर से आए सैलानी भी झूमे। इसके बाद कैमल फर कटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जापान से पहुंची महिला ने भी हिस्सा लिया।
अगली प्रतियागिता ऊंट डेकोरेशन की थी। इस दौरान सजे-धजे ऊंट शाही अंदाज में मैदान में पहुंचे। फेस्टिवल के दौरान अलग से बने ट्रैक पर ऊंट दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसको देखने के लिए ट्रैक के दोनों और सैलानियों की भीड़ जमा हो गई। कैमल फेस्टिवल में शाम को मि. बीकाणा, मिस मरवण, फैशन शो तथा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने लोक संगीत की प्रस्तुतियां दीं।
ऊंट के नृत्य और करतब रहे आकर्षण का केंद्र
ढोल की थाप पर थिरकते ऊंट, हवा में उछल कर करतब, मुंह में कभी पानी की बाल्टी, तो कभी लकड़ी के दोनों तरफ आग लगी लकड़ी से करतब...। इस ऊंट नृत्य ने वहां मौजूद हर किसी को रोमांचित और आकर्षित किया। इस दौरान यहां मौजूद लोगों ने तालियों से हौसला बढ़ाया और अपने मोबाइल में नृत्य को कैद किया।
ऊंट प्रतियोगिता में यह रहे विजेता
ऊंट नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर बजरंग, जितेंद्र सिंह द्वितीय तथा करणी सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंट फर कटिंग प्रतियोगिता में मोहन सिंह ने प्रथम, बंशीधर ने द्वितीय तथा जापान की मेघूमी ने तीसरा स्थान हासिल किया। ऊंट सज्जा प्रतियोगिता में लक्ष्मण राम सियाग ने प्रथम, इमरान खान ने द्वितीय तथा मगाराम कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह ऊंट दौड़ प्रतियोगिता में इमरान ने प्रथम, भागीरथ ने द्वितीय तथा सलमान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आज रायसर के धोरों पर ऊंट उत्सव
सुबह 9 से रात 10 बजे तक रायसर के धोरों में रस्साकशी, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, मटका दौड़, देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच दौड़, कला प्रदर्शनी, हॉट एयर बैलून, ऊंट सफारी, ऊंट दौड़, ऊंट नृत्य, अग्नि नृत्य, सेलिब्रिटी नाइट सहित अन्य आयोजन होंगे।
फैक्ट फाइल
ऊंट नृत्य में 16 ने लिया हिस्सा
ऊंट फर कटिंग में 9 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
ऊंट सज्जा में 11 ने लिया हिस्सा
मि. बीकाणा प्रतियोगिता में 45 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
मि. मरवण प्रतियोगिता में 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/NtxImP5
https://ift.tt/5BLGTUD
एक टिप्पणी भेजें